महाशिवरात्रि -2026



हे विश्वनाथ, देवाधिदेव
हे त्रिदेव रूप, हे महादेव
त्रिनेत्रधारी कैलाशपति
हे आशुतोष गिरिजापति
पावन पर्व यह महाशिवरात्रि
फाल्गुन मास कृष्णपक्ष चतुर्दशी
देवाधिदेव बने आज पार्वतीपति
मंगल परिणय बेला की यह पावन तिथि

हे नीलकंठ हे गंगाधर
पशुपतीनाथ हे शिवशंकर
हे महाकाल हे भूतनाथ
हे रुद्रदेव हे भोलेनाथ
छाया है हर्षोल्लास, देख तीनों लोकों में आज
शिव बारात लिए हैं आए, पर्वतराज के घर आज

हे महेश्वर, त्रिपुरारी
हे नटराज, जटाधारी 
हे शशिधर, हे सर्वेश्वर
हे मृत्युंजय, हे नंदीश्वर
देवी-देवता सब साक्षी, बरसाते नभ से हर पल पुष्प
पावन पर्व महाशिवरात्रि, शिव-गौरी परिणय अभिरूप

हे अर्धनारीश्वर, भालचंद्र
हे अमृतेश्वर, हे योगेश्वर
हे त्रयंबक, वैद्यनाथ
हे कालभैरव, सिद्धनाथ
कार्तिकेय और श्रीगणेश हैं, पुत्र शिवपार्वती के
यदि सच्चे मन से हो पूजा,तो करते हैं दुख दूर सभी के

हे सोमनाथ, हे धुश्मेश्वर
केदारेश्वर शैलश्रृंगेश्वर
हे रामनाथ हे अमलेश्वर
हे नागेश्वर हे भीमेश्वर
चार प्रहर करते हैं आज हम,
प्रभु शिव की आराधना
व्रत रखकर हम आज हैं करते,
प्रभु शिव की उपासना

हे अघोरेश्वर, हे तारकेश्वर
हे योगेश्वर, हे विश्वेश्वर
हे वीरेश्वर, हे अर्धेश्वर
हे अचलेश्वर, हे नंदीश्वर
ओम् नमः: शिवाय की ध्वनि से गुंजित सभी शिवालय
हे सर्वेश्वर कृपा करें, हमें मात्र आपका आश्रय

Comments

Popular posts from this blog

अध्यात्म की यात्रा

कान्हा

महापर्व है महाव्रत का